ब्रेकिंग
सूचना
जमुई। जिले के झाझा थाना क्षेत्र के दादपुर गांव में रविवार की रात एक दर्दनाक घटना घटी। घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं कि तभी नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया। इस हिंसक हमले में 35 वर्षीय बेबी देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल उमेश कुमार यादव ने बताया कि रविवार रात परिवार के सदस्य छत पर सो रहे थे। तभी घर के एक सदस्य वासुदेव यादव ने मुख्य दरवाजा खोल दिया जिससे करीब एक दर्जन नकाबपोश बदमाश अंदर घुस आए। काले कपड़े पहने इन बदमाशों के हाथों में तलवार और टांगी जैसे घातक हथियार थे। बदमाशों ने घर में जमकर तोड़फोड़ और मारपीट की। आरोप है कि अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए दो से तीन राउंड फायरिंग भी की जिसमें से एक गोली काजल कुमारी की मां सुहागा देवी के पैर में जा लगी।
इस हमले के पीछे का मुख्य कारण जमीनी विवाद बताया जा रहा है। पीड़ित दिनेश यादव, जिनकी बेटी की शादी 1 जुलाई को होने वाली थी, ने अपने बड़े भाई वासुदेव यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दिनेश का कहना है कि जमीनी बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि वासुदेव यादव ने ही सुनियोजित तरीके से अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। परिजनों के अनुसार, वासुदेव पिछले पांच दिनों से दादपुर में ही रहकर हमले की साजिश रच रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को झाझा अस्पताल ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद बेबी देवी, सुहागा देवी, काजल कुमारी, कोमल कुमारी और सुबोध कुमार की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल, जमुई रेफर किया गया। वहां से सभी को पटना भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही बेबी देवी ने दम तोड़ दिया।
झाझा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है। एसआई दीपक कुमार ने बताया कि पीड़ितों के बयान पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस वासुदेव यादव, सुभाष यादव और मनोज यादव समेत अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पूरे इलाके में इस घटना के बाद से भारी तनाव का माहौल है। शादी के घर में पसरा मातम अब न्याय की मांग कर रहा है।
Tags :
#breking news
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन