ब्रेकिंग
सूचना
अमृतेश सिन्हा/ मुंगेर। बिहार के मुंगेर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के बकचपरा गंगा घाट पर बुधवार की सुबह गंगा स्नान करने गई पांच किशोरियां पानी की तेज धार में बह गईं। इस घटना में एक ही परिवार की चार सगी बहनें और उनकी एक सहेली शामिल हैं। घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, बकचपरा निवासी क्रांति पासवान की चार पुत्रियां संगीता कुमारी, बिनीता कुमारी, संध्या कुमारी और सोनम कुमारी अपनी पड़ोसी चमन लाल पासवान की पुत्री हिना कुमारी के साथ सुबह गंगा घाट पर गई थीं। सभी लड़कियां स्नान करने और घर के लिए गंगाजल भरने पहुंची थीं। जैसे ही वे गहरे पानी में उतरीं, अचानक संतुलन बिगड़ने और तेज बहाव की चपेट में आने के कारण वे डूबने लगीं। देखते ही देखते पांचों किशोरियां गहरे पानी में समा गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और तुरंत वासुदेवपुर थाना पुलिस को सूचित किया गया। प्रशासन ने बिना समय गंवाए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम और स्थानीय कुशल गोताखोरों को घटनास्थल पर भेजा। घंटों चले राहत और बचाव कार्य के बाद टीम ने एक किशोरी, संगीता कुमारी को पानी से बाहर निकाला, जिसे तत्काल अस्पताल भेजा गया। बाकी चार किशोरियों की तलाश अभी भी युद्धस्तर पर जारी है। गोताखोर लगातार गंगा के गहरे हिस्सों में उनकी खोजबीन कर रहे हैं।
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस प्रशासन के अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। एक साथ पांच किशोरियों के डूबने की खबर से गांव में सन्नाटा पसर गया है। परिजनों का विलाप देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पूरा प्रशासन परिवार को ढांढस बंधाने और बचाव कार्य को जल्द पूरा करने में जुटा है। फिलहाल, क्षेत्र के लोग और जिला प्रशासन लापता लड़कियों के सुरक्षित मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं। अधिकारी लोगों से अपील कर रहे हैं कि गंगा के घाटों पर जहां पानी गहरा है वहां जाने से बचें और सावधानी बरतें।
Tags :
#breking news
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन